दर्दनाक सड़क हादसा : बेकाबू ट्रॉले ने परिवार को रौंदा, तीन बच्चों समेत 4 की मौत

0
9

जयपुर । राजधानी जयपुर के श्याम नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह 200 फीट बाईपास पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अजमेर रोड स्थित होटल हाईवे किंग के पास तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रॉले ने सड़क किनारे खड़े एक ही परिवार के पांच सदस्यों को कुचल दिया। हादसे में तीन बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। दुर्घटना के बाद ट्रॉला चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, मृतकों में तीन बच्चे और उनके पिता चंद्र प्रकाश शामिल हैं। बच्चों की पहचान रमेश, रतन और दीपक के रूप में हुई है। चंद्र प्रकाश ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उनकी पत्नी कैलाशी गंभीर रूप से घायल हैं और उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार ट्रॉला अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी लोहे की सुरक्षा रेलिंग तोड़ते हुए फुटपाथ तक पहुंच गया और वहां खड़े परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉले का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही श्याम नगर थाना पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चंद्र प्रकाश ने बाद में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि परिवार मूल रूप से जेतपुरा का रहने वाला था और वर्तमान में गांधी पथ क्षेत्र में रह रहा था। परिवार मजदूरी करने के साथ-साथ चौराहों पर खिलौने, गुब्बारे, झाड़ू और अन्य छोटे-मोटे सामान बेचकर जीवनयापन करता था। मंगलवार सुबह भी परिवार रोजी-रोटी की तलाश में अजमेर रोड की ओर पैदल जा रहा था, तभी दिल्ली की ओर से आ रहे ट्रॉले ने उन्हें टक्कर मार दी।
श्याम नगर थाने के एसआई रामेश ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रॉले को जब्त कर लिया गया है। फरार चालक की तलाश जारी है और उसकी पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
इस हृदयविदारक हादसे ने एक गरीब परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here