राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारतीय महिला खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन, 13 में से 8 स्वर्ण जीतकर बढ़ाया देश का गौरव: अन्नपूर्णा देवी

0
12

नई दिल्ली (संवाददाता)। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारतीय महिला खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि देश की बेटियों ने अपनी प्रतिभा, साहस और समर्पण से भारत का गौरव विश्व मंच पर बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि भारतीय महिला एथलीटों ने मुक्केबाजी, भारोत्तोलन, जूडो और पैरा एथलेटिक्स जैसी प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के 13 स्वर्ण पदकों में से 8 स्वर्ण पदक अपने नाम किए। यह उपलब्धि भारतीय खेलों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रमाण है।
श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने सामाजिक माध्यम ‘एक्स’ पर साझा किए गए अपने संदेश में विशेष रूप से भारतीय महिला मुक्केबाजों की सराहना करते हुए कहा कि पांच भारतीय महिला मुक्केबाजों द्वारा स्वर्ण पदक जीतना इस खेल में भारत की बढ़ती ताकत, गहराई और निरंतर प्रगति को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय महिला खिलाड़ियों का साहस, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्ट प्रदर्शन देशभर की लाखों बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी उपलब्धियां नई पीढ़ी की लड़कियों को बड़े सपने देखने, उत्कृष्टता हासिल करने और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को नई दिशा मिली है और महिलाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर एवं प्रोत्साहन प्राप्त हो रहा है। इसी का परिणाम है कि भारत की बेटियां आज वैश्विक प्रतियोगिताओं में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं और खेल जगत में उत्कृष्टता के नए युग का नेतृत्व कर रही हैं।
उन्होंने सभी महिला खिलाड़ियों को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे भविष्य में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन कर भारत का मान विश्वभर में बढ़ाती रहेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here