मटन की जगह ‘चिकन परोसते ही बवाल: शादी का मंडप बना रणक्षेत्र, जमकर चले लाठी-डंडे

0
6

सहरसा । बिहार के सहरसा जिले में एक निकाह समारोह उस समय हिंसा में बदल गया, जब बारातियों को कथित तौर पर वादा किए गए मटन (खस्सी का मीट) की जगह चिकन परोस दिया गया। मामूली विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि शादी का मंडप अखाड़े में तब्दील हो गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। घटना में कई लोग घायल हो गए। यह मामला महिषी प्रखंड के राजनपुर गांव का है, जहां सिमरी बख्तियारपुर से बारात पहुंची थी। निकाह की रस्में शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद बाराती भोजन करने बैठे। इसी दौरान कुछ लोगों ने मटन के बजाय चिकन परोसे जाने पर आपत्ति जताई। आरोप है कि इस बात को लेकर पहले कहासुनी हुई और फिर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
मारपीट में दूल्हा पक्ष के मो. आशिक, मो. इरफान, मो. हसन, मो. अब्बास, मो. जब्बार, मो. आतिफ और मो. महबूब सहित कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, सिमरी बख्तियारपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घायल बारातियों का आरोप है कि भोजन को लेकर शिकायत करने पर लड़की पक्ष के लोगों ने उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद शादी की खुशियां तनाव में बदल गईं और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दूल्हा पक्ष ने मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की जाएगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here